
चंपावत, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को खेल सामग्री और मंदिरों व समूहों को आवश्यक वस्तुएं वितरित की गईं। आदर्श चंपावत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ यह पहल बच्चों को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की धार्मिक और सामाजिक आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा रहा है। इस दौरान वरिष्ठजनों से मिलकर उनका हालचाल भी जाना गया।
कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत मोराड़ी, जैगांव-जैतौली और पल्सों में बच्चों को क्रिकेट किट सहित अन्य खेल सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, मंदिरों और महिला समूहों को भी उनकी आवश्यकतानुसार बर्तनों जैसी सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ना, ताकि वे सामाजिक बुराइयों जैसे नशे से दूर रहें। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक और धार्मिक आयोजनों के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करना भी इस कार्यक्रम का लक्ष्य है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, दर्जा मंत्री मुकेश महाराना, मंडल अध्यक्ष चंपावत नगर भाजपा सुनील पुनेठा, मंडल अध्यक्ष ग्रामीण प्रकाश बिनवाल, जिला पंचायत सदस्य शक्तिपुरबूंगा कृष्णानंद जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को खेल से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने को स्वस्थ व सशक्त समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे। ‘खेल से जुड़ें, नशे से दूर रहें’—यही आदर्श चंपावत और विकसित चंपावत का संकल्प है, जिसे ‘मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से साकार किया जा रहा है।