जिलाधिकारी ने खातीगांव में सुनीं जनसमस्याएं, सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

Responsive example

बागेश्वर, जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कपकोट ब्लॉक के दूरस्थ खातीगांव में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सड़क, बिजली और संचार सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी अनावश्यक देरी से बचने की सलाह दी।

पर्यटन और संचार सुविधाओं पर जोर

उन्होंने क्षेत्र में ट्रैकिंग गतिविधियों के सुचारू संचालन और पर्यटकों की सुविधा के लिए संबंधित विभागों को ट्रैकिंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। क्षेत्र में संचार सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से, जिलाधिकारी ने खातिगांव और आसपास के क्षेत्रों का निजी दूरसंचार ऑपरेटरों के माध्यम से सर्वेक्षण कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस सर्वेक्षण से संचार सुविधाओं की उपलब्धता और कमियों का आकलन कर आवश्यक सुधार की दिशा में कार्यवाही की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर दूरसंचार सेवाएं मिल सकें।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, उप जिलाधिकारी अनिल चनियाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।