रंग कारवाँ स्थापना दिवस पर केंद्र पहुंचे डीएम मनीष कुमार, बच्चों की शिक्षा और युवाओं के विकास के लिए सहयोग पर हुई चर्चा

Responsive example

चंपावत, ‘रंग कारवां’ संस्था ने शनिवार को अपना छठा स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्था के केंद्र का दौरा किया और बच्चों की शिक्षा, युवाओं के नेतृत्व क्षमता विकास तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने संस्था के साथ मिलकर शैक्षिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की।

यह संस्था पिछले छह वर्षों से पुस्तकालय और पठन-पाठन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के अवसर प्रदान कर रही है। साथ ही, युवाओं और महिलाओं के नेतृत्व विकास पर भी कार्य कर रही है। जिलाधिकारी की यह यात्रा स्थानीय स्तर पर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।

स्थापना दिवस कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें विभिन्न कला गतिविधियों और खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘रंग कारवां’ के सभी युवा साथी उपस्थित रहे।

संस्था की संस्थापक वंदना आशा ने युवा टीम और संस्था से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ‘रंग कारवां’ स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर शिक्षा और सामाजिक बदलाव की दिशा में काम कर रही है। संस्था आने वाले समय में अधिक सरकारी विद्यालयों तक अपनी पहुँच बढ़ाकर बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए सीखने और नेतृत्व के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।