जिलाधिकारी ने विकास भवन का किया औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश

Responsive example

पिथौरागढ़, जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कतिपय विभागों में बिना अनुमति के अनुपस्थित पाए गए कार्मिकों के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्मिक निर्धारित समय पर कार्यालय उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। बिना किसी ठोस कारण या सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि शासकीय कार्यालयों में अनुशासन, समयबद्धता और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कार्यालय आने वाले आगंतुकों से शिष्ट व्यवहार किया जाए और विभिन्न योजनाओं के तहत किए जाने वाले कार्यों में कोई विलंब न हो।

कार्यालयों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कार्यालयों में अनावश्यक और अनुपयोगी सामग्री जमा न हो। लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण किया जाए। सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आवश्यक फाइलों और अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने के निर्देश दिए गए।

पहचान पत्र और नाम पट्टिकाएं अनिवार्य

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्मिक अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करें। प्रत्येक कार्मिक की सीट पर नाम पट्टिका लगी हो, जिस पर उनके कार्यों और जिम्मेदारियों का स्पष्ट रूप से उल्लेख हो, ताकि कार्यालय आने वाले लोगों को संबंधित पटल और कार्मिक की जानकारी आसानी से मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित करने और उन्हें सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए।

कार्यालय अध्यक्षों को सौंपी जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में व्यवस्थाओं का सुव्यवस्थित संचालन, अभिलेखों का उचित रखरखाव और कार्मिकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना संबंधित कार्यालय अध्यक्ष की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारियों को अपने कार्यालयों की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, सहकारिता, ग्रामीण निर्माण, अर्थ एवं संख्या सहित विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।