
चंपावत, जनपद चंपावत के मादली निवासी युवा नवाचारी राहुल नरियाल को उनकी सोलर कार बनाने की उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने सम्मानित किया। इस अवसर पर राहुल के माता-पिता को भी शॉल ओढ़ाकर पुरस्कृत किया गया।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र राहुल नरियाल ने लगभग एक महीने की मेहनत और करीब 40 हजार रुपये की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार का निर्माण किया है। यह नवाचार वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग और तकनीकी रचनात्मकता में उनकी गहरी रुचि को दर्शाता है।
राहुल नरियाल लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज, डेराबस्सी में अध्ययनरत हैं। उनकी इस उपलब्धि ने कॉलेज समुदाय को भी प्रेरित किया है।
जिलाधिकारी ने राहुल की लगन, मेहनत और रचनात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें जनपद का नाम रोशन करने पर बधाई दी। उन्होंने राहुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे भी इसी उत्साह से प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।