मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दीं लगभग 96 करोड़ की 16 विकास योजनाओं की सौगात, सर्किट हाउस और पार्क का लोकार्पण

Responsive example

चंपावत, मुख्यमंत्री ने जनपद में लगभग 96 करोड़ रुपये की लागत की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने सर्किट हाउस और देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में पूजा-अर्चना के साथ नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की लागत की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी, जिसमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की 5 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर जनसुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है, जिसके लिए आगामी 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाया जा रहा है। जनपद में बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने तथा दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को जनपद की विशिष्ट पहचान बताते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यटन, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।

अधिवक्ताओं को सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैम्बर निर्माण, वाहन पार्किंग तथा आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की घोषणा की।

ग्राम सभाओं को 10 लाख की धनराशि

मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से ग्राम सभाएं अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य कर सकेंगी।

देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।