राजकीय विद्यालयों के 10वीं-12वीं के छात्रों को टैबलेट के लिए DBT से मिलेगी धनराशि

Responsive example

चंपावत, राज्य सरकार राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को टैबलेट उपलब्ध कराने के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से सीधे उनके खातों में धनराशि भेजेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई इस घोषणा पर अमल तेज हो गया है।

शिक्षा के स्तर को सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा बीते सितंबर माह में एक अहम घोषणा की गई थी। इस घोषणा के तहत राज्य के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा 10 और 12 के छात्रों को टैबलेट की खरीद के लिए राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय के घोषणा अनुभाग ने इस निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालयी शिक्षा विभाग को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। उम्मीद है कि इस पहल से प्रदेश के विद्यार्थी डिजिटल माध्यमों से बेहतर ढंग से जुड़ सकेंगे और उनकी शिक्षा में प्रौद्योगिकी का सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।