
पिथौरागढ़, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के निर्माण कार्यों की प्रगति और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और किसी भी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवशेष कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनसे उनकी पढ़ाई व शैक्षणिक अनुभवों के बारे में बात की। उन्होंने कॉलेज की फैकल्टी से भी मुलाकात कर उनके अनुभव और सुझावों को जाना। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने तथा कॉलेज में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता बताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिथौरागढ़ को मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि यह मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के संचालन से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं में मजबूती आएगी और लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे पर्वतीय और सीमांत क्षेत्र के बच्चों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे। इससे न केवल चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भविष्य में क्षेत्र में चिकित्सकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेडिकल कॉलेज में चल रहे कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। साथ ही, विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ एके सिंह ने मुख्यमंत्री को कॉलेज से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्रदान कीं। निरीक्षण के दौरान विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और संबंधित लोग उपस्थित रहे।