
अल्मोड़ा, अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र मटेला में कृषक-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को सम्मानित किया गया।
कृषि विभाग द्वारा आत्मा योजना के तहत आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में राज्य महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष गंगा बिष्ट ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में 100 से अधिक महिला कृषकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर महिला कृषकों के कृषि, उद्यान, पशुपालन, रेशम, मत्स्य और डेयरी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने महिला कृषकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कृषक-वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से खेती और इससे जुड़ी अन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारियों का आदान-प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी विजय प्रकाश मौर्य, मुख्य उद्यान अधिकारी, सहायक निदेशक डेयरी, कृषि विज्ञान केंद्र मटेला के प्रभारी अधिकारी के साथ-साथ विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी और वैज्ञानिक भी उपस्थित रहे।