
अल्मोड़ा, पुलिस ने जनपद में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ एक बार फिर बड़ा कदम उठाते हुए सोमेश्वर और चौखुटिया क्षेत्र में कुल 6.5 नाली (लगभग 2,700 वर्ग मीटर) अवैध भांग की खेती नष्ट की है। इस दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशानुसार, अवैध मादक पदार्थों की खेती को जड़ से खत्म करने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। सोमेश्वर पुलिस टीम ने ग्राम सभा काटली क्षेत्र में बंजर भूमि पर उगी करीब 4 नाली अवैध भांग की खेती को नष्ट किया। वहीं, चौखुटिया पुलिस ने ग्राम गोपालगांव, मासी में 2.5 नाली अवैध भांग की फसल को नष्ट करने में सफलता पाई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ संवाद कर उन्हें नशे के कारण समाज पर पड़ने वाले गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया। ग्रामीणों को अवैध भांग की खेती से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ग्रामीणों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। अल्मोड़ा पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा।